धमतरी। छत्तीसगढ़ के प्रमुख आस्था केंद्र पावन गिरौदपुरी धाम में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले के लिए धमतरी से श्रद्धालु पैदल यात्रियों को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रवाना किया गया। धमतरी के दानीटोला स्थित जैतखंभ में धार्मिक अनुष्ठान कर यात्रियों की सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की गई।
गिरौदपुरी धाम मेला 22 फरवरी से 24 फरवरी तक आयोजित होगा, जहाँ प्रदेश सहित आसपास के राज्यों से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले में धार्मिक आयोजन, सतनाम वाणी, सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं द्वारा गुरु घासीदास बाबा के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किए जाते हैं। यह मेला सतनामी समाज की आस्था, एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक माना जाता है।
इस अवसर पर प्रदेश युवा प्रमुख सतनामी समाज कोमल संभाकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गिरौदपुरी धाम की यात्रा केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी परंपरा से जोड़ने का भी माध्यम है। उन्होंने सभी यात्रियों से अनुशासन और सुरक्षा का ध्यान रखते हुए यात्रा पूर्ण करने की अपील की।
रवानगी के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला तथा जय जैतखंभ और सतनाम के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। पैदल यात्रा करने वालों में ओमप्रकाश घृतलहरे (पीपरछेड़ी), ढालसिंग पीपरछेड़ी, टिकेश बारले पीपरछेड़ी, कु. आरती घृतलहरे पीपरछेड़ी, कु. रोशनी बंजारे पीपरछेड़ी, महेश कुमार (दानीटोला), यशवंत मारकंडे (कुलिया), लोकेश्वर बंजारे (दानीटोला), जौहर बंजारे (दानीटोला), रवि बघेल (दानीटोला), समीर जोशी (दानीटोला), महेश्वर जांगड़े (तेलिनसत्ती), तुषार जोशी, चिंतू बांधे (उसलापुर), गब्बर दिली (छाती), विकास बांधे (कुरूद), घनाराम महिपाल (छाती) एवं खम्मन बंजारे (उसलापुर) है। पैदल यात्रियों के रवानगी के दौरान अजय डहरिया, .... सहित आदि सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



